दोआबा न्यूजलाइन। (सतपाल शर्मा)
पंजाब के कपूरथला जिले के फगवाड़ा से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां पुलिस विभाग के अधिकारी डीएसपी योगेश कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे उनके सरकारी आवास पर हुआ, जो थाना सदर फगवाड़ा के पास स्थित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बिना देरी किए उन्हें जालंधर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि डीएसपी योगेश कुमार सुबह अपने हथियार की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और पुलिस स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है, हालांकि इसे प्रारंभिक तौर पर एक हादसा माना जा रहा है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।