दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब के खन्ना क्षेत्र से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है, जहां गांव जसपालों के एक नौजवान की कनाडा में सड़क दुर्घटना के दौरान जान चली गई। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय जुगराज सिंह के रूप में हुई है, जो कई वर्षों से विदेश में रहकर अपने परिवार का सहारा बना हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार जुगराज सिंह कनाडा में ट्रक चलाने का काम करता था। इसी दौरान उसकी गाड़ी की सामने से आ रहे दूसरे भारी वाहन के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में अन्य दो पंजाबी युवकों की भी जान गई है, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जुगराज अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए सालों पहले विदेश गया था और वहीं कड़ी मेहनत कर रहा था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे परिवार में मातम छा गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
गांव में पसरा सन्नाटा
युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर कोई इस हादसे को लेकर दुख जता रहा है और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है।