दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब के जालंधर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज करीब एक किलोमीटर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट एक खड़ी स्कूटी में हुआ, जिसे एक डिलीवरी कर्मी इस्तेमाल कर रहा था। बताया जा रहा है कि युवक स्कूटी को बाहर खड़ी कर परिसर के अंदर पार्सल देने गया था, तभी पीछे अचानक धमाका हो गया।
घटना के समय पास स्थित सब्जी मंडी में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। तेज धमाके की आवाज सुनते ही लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। हालांकि किसी बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, स्कूटी में किसी प्रकार के विस्फोटक होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि शुरुआती जांच में स्कूटी में आग लगने के बाद विस्फोट होने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी कहा कि दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
परिवार के अनुसार, हिरासत में लिया गया एक युवक नियमित रूप से पार्सल डिलीवरी का काम करता था और रोजाना बीएसएफ हेडक्वार्टर आता-जाता था। घटना के समय भी वह पार्सल देकर लौट रहा था और स्कूटी से कुछ दूरी पर था, जिससे उसकी जान बच गई।
फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे की असल वजह सामने लाई जाएगी।