दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर के रामामंडी इलाके में मंगलवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। घर लौट रहे एक युवक पर अज्ञात हमलावरों ने बीच सड़क फायरिंग कर दी, जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक को उसके दोस्तों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से दो खाली खोल बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
जिम से लौटते समय बनाया निशाना
घायल युवक की पहचान सूची पिंड निवासी अनमोल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह देर शाम गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के पास स्थित जिम से अपनी स्विफ्ट कार में घर लौट रहा था। जैसे ही वह अमरीक सिंह की चक्की के नजदीक पहुंचा, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसकी कार के आगे मोटरसाइकिल लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इससे पहले कि अनमोल कुछ समझ पाता, हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उसके गले के पास लगी, जबकि दूसरी गोली कार में जा धंसी। गोली लगते ही अनमोल कार से नीचे गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और युवक के दोस्त मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में घायल अनमोल को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी राजेश ठाकुर, थाना रामामंडी पुलिस, सीआईए स्टाफ और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सड़क व कार से अहम सबूत जुटाए। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी सैंपल भी एकत्र किए हैं।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए कई टीमें काम कर रही हैं।
पुरानी रंजिश की आशंका
प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक युवक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
घायल युवक की मां बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि उनके बेटे का नाम पहले मनदीप मर्डर केस में झूठा डाला गया था, जिसके बाद से उससे रंजिश रखी जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बल्ली, बब्बू, मुकेश और गौरी ने मिलकर उनके बेटे पर गोलियां चलाईं। उनके अनुसार दो आरोपियों के पास रिवाल्वर थे।
बलजीत कौर ने बताया कि अनमोल ने जान बचाने के लिए कार भगाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने आगे जाकर उसका रास्ता रोक लिया और दोबारा फायरिंग कर दी।
ज्वाइंट सीपी बोले- हर पहलू से जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर ज्वाइंट सीपी संदीप वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घायल युवक की किसी के साथ पुरानी रंजिश थी। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।