दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब के जालंधर देहात इलाके में एक अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई। महितपुर थाना क्षेत्र के बंगीवाल गांव में हुई इस घटना में दोनों तरफ से गोलियां चलीं, जिसमें हत्या के प्रयास के आरोपी एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस की दबिश और भीड़ का हमला
महितपुर थाने के एसएचओ अमन सैनी के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम बंगीवाल गांव पहुंची थी। पुलिस कातिलाना हमले के एक मामले में वांटेड आरोपी लवप्रीत को गिरफ्तार करने उसके घर गई थी। पुलिस का कहना है कि जैसे ही टीम ने लवप्रीत को पकड़ने की कोशिश की, वहां मौजूद उसके परिजनों और भीड़ ने पुलिस का भारी विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
क्रॉस फायरिंग में गई आरोपी की जान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर भीड़ की तरफ से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। स्थिति को नियंत्रण में करने और आत्मरक्षा के लिए पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इसी क्रॉस फायरिंग के दौरान आरोपी लवप्रीत को गोली लग गई और उसकी मौके पर ही जान चली गई। पुलिस का दावा है कि भीड़ के इस हमले में उनके कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए हत्या के आरोप
इस घटना के बाद मृतक लवप्रीत के परिवार वालों ने पुलिस की पूरी कहानी को झूठा बताया है। परिवार का आरोप है कि मौके पर कोई क्रॉस फायरिंग नहीं हुई है, बल्कि एसएचओ अमन सैनी ने किसी पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे को जानबूझकर गोली मारी है। घटना के समय के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं जिनमें पुलिस और परिवार की महिलाओं के बीच भारी धक्का-मुक्की होती दिख रही है।
तनाव के चलते गांव में भारी पुलिस बल तैनात
इस एनकाउंटर और युवक की मौत के बाद बंगीवाल गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया है। हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।