दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
फतेहगढ़ जिले के एक गांव में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है।
रात करीब दो बजे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार घटना देर रात करीब दो बजे की है। बताया जा रहा है कि हमलावर चुपचाप घर में दाखिल हुआ और सो रहे युवक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने जब युवक को खून से लथपथ देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
पहले से चल रहा था धार्मिक बेअदबी का मामला
मृतक की पहचान मेवा सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में एक गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। यह केस अभी अदालत में विचाराधीन था और वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पहले दर्जी, अब मिल में करता था नौकरी
जानकारी के मुताबिक मेवा सिंह पहले गांव में सिलाई का काम करता था। बाद में उसने यह काम छोड़ दिया और एक निजी मिल में नौकरी करने लगा। वह गांव स्थित अपने घर में रह रहा था, जहां उस पर हमला किया गया।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं बता रही है। पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।