दोआबा न्यूजलाइन (जालंधर/क्राइम)
जालंधर : पंजाब सरकार द्वारा गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर की सीआईए स्टाफ टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बंबीहा ग्रुप से जुड़े एक मुख्य शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से विभिन्न मामलों में अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित था और संगठित अपराधों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

पुलिस आयुक्त जालंधर श्रीमती धनप्रीत कौर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों पर इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार, इंचार्ज सीआईए स्टाफ जालंधर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नरिंदर धीर उर्फ आकाश, निवासी गांव गड़ी अजीत सिंह, जिला शहीद भगत सिंह नगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी और बंबीहा ग्रुप का मुख्य शूटर है तथा यूरोप में बैठे गैंगस्टर गुरदीप सिंह के सीधे संपर्क में था। वह फिरौती वसूली, अवैध हथियार सप्लाई और सुपारी लेकर हत्या जैसी वारदातों में शामिल रहा है।
मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी
पुलिस पार्टी के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों बाजुओं में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया।
इस संबंध में थाना सदर जालंधर में एफआईआर नंबर 42 दिनांक 18 फरवरी 2026 के तहत बीएनएस की धाराएं 221, 132, 109 और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25(1)B/54-59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हत्या व फिरौती सहित कई गंभीर मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने 31 जनवरी 2025 को खरड़ स्थित एक जिम ट्रेनर गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी की गोली मारकर हत्या की थी। इसके अलावा 10 जनवरी 2026 को लुधियाना में एक लग्जरी कार बुकिंग कंपनी पर फायरिंग कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
इसके अतिरिक्त उसके खिलाफ गोराया थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और साजिश से जुड़े कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
बरामदगी : पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल , दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।