दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब में नशे के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशव्यापी अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार से शुरू होने वाली ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत पार्टी की ओर से राज्य के अलग-अलग हिस्सों से यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं को प्रदेश की सभी 117 विधानसभा सीटों तक ले जाने की योजना है। करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर तय करने के बाद अभियान का समापन 30 सितंबर को जालंधर में प्रस्तावित है।
माधोपुर से यात्रा को दिखाई जाएगी हरी झंडी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल से मुख्य यात्रा को रवाना करेंगे। पार्टी ने इस अभियान को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है। यात्रा के जरिए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को इससे दूर रखने का संदेश देने की बात कही गई है।
चार स्थानों से एक साथ आगे बढ़ेगा अभियान
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के मुताबिक केवल पठानकोट ही नहीं, बल्कि फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और बठिंडा से भी यात्राएं निकाली जाएंगी। फतेहगढ़ साहिब से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, फाजिल्का से केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और तलवंडी साबो से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान यात्रा से जुड़ेंगे।
117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने का दावा
पार्टी के मुताबिक चारों यात्राएं पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेंगी। इस दौरान करीब 4 हजार किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। भाजपा ने अभियान को केवल नशे तक सीमित न रखते हुए पंजाब में रंगदारी, गैंगस्टरवाद और लोगों में भय की स्थिति जैसे मुद्दों को भी इससे जोड़ने की बात कही है।
तरुण चुघ ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
यात्रा की शुरुआत से पहले तरुण चुघ ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या की घटना का जिक्र करते हुए पुलिसकर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। चुघ ने पुलिस थानों पर हुए ग्रेनेड हमलों और पंजाब पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट लॉन्चर से हुए हमले का भी उल्लेख किया।
नशे के साथ भयमुक्त पंजाब का संदेश
भाजपा का कहना है कि अभियान का उद्देश्य पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के बीच सुरक्षा और भयमुक्त माहौल का संदेश पहुंचाना है। पार्टी ने यात्रा के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों से संपर्क और संवाद की योजना बनाई है।
जालंधर में होगा अभियान का अंतिम पड़ाव
चारों दिशाओं से निकलने वाली यात्राओं का अंतिम पड़ाव जालंधर होगा। भाजपा के मुताबिक 30 सितंबर को जालंधर में यात्रा का समापन किया जाएगा। करीब 12 दिन तक चलने वाला यह अभियान पंजाब के अधिकांश हिस्सों को कवर करने की योजना के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।