दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
जालंधर-पठानकोट मार्ग पर पचरंगा पेट्रोल पंप के नजदीक गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना राहगीरों द्वारा दी गई, जिसके बाद SSF टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार पल्सर मोटरसाइकिल (PB 07 CG 6822) पीछे से एक टिपर ट्रक (PB 07 CL 3545) से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक जालंधर से पठानकोट की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल चालक महौमद कसीम (25) निवासी उड़मुड़, थाना टांडा, जिला होशियारपुर की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, मोटरसाइकिल के पीछे बैठे शहीन (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। SSF टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायल को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंची SSF टीम ने हादसा स्थल को सुरक्षित करने के लिए कोन लगाकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया, ताकि किसी अन्य दुर्घटना से बचा जा सके। बाद में पुलिस चौकी लादड़ा के IO हेड कांस्टेबल अवतार सिंह भी मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई शुरू की।

SSF टीम ने मृतक का शव, दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और टिपर ट्रक को पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।