दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
जालंधर के शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में देर रात हुई हिंसक वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हथियारबंद युवकों ने पहले इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाई और फिर एक युवक पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया।

घायल युवक की पहचान काली के रूप में हुई है, जो अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और आते ही गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग के बाद आरोपियों ने काली को घेरकर उस पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसके पैर में गोली भी लगी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उसे Global Hospital में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश और गैंगवार से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।