दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
पंजाब में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बीते कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को अब गर्मी का अहसास होने लगा है। तेज धूप दिन के समय लोगों को परेशान कर रही है, हालांकि सुबह और शाम के समय अभी भी हल्की ठंड का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 15 अप्रैल तक प्रदेश में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है और मौसम सामान्य बना रहेगा। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।
विभाग ने बताया कि इस समय एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में सक्रिय है, जिसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हालांकि इसका असर पंजाब के मैदानी क्षेत्रों में सीमित ही रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 अप्रैल के बाद एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है। इसके चलते पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव से जहां एक ओर गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, वहीं मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते लोगों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।