दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
पंजाब सरकार की बहुप्रतीक्षित ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के लिए मंगलवार से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना का औपचारिक शुभारंभ किया और लाभार्थी महिलाओं—दीक्षा कौर, सिमरन, अमरजीत कौर, हरबंस कौर और नीशा—को सर्टिफिकेट प्रदान किए।
सीएम ने जानकारी दी कि फिलहाल 9 विधानसभा क्षेत्रों में रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है और 15 अप्रैल से इन हलकों में पायलट प्रोजेक्ट लागू होगा। इनमें आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, दीड़बा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहाती शामिल हैं। इसके बाद 15 मई से राज्य के बाकी 108 हलकों में भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन में देरी या दस्तावेज़ (जैसे जाति प्रमाण पत्र) बनने में समय लगने पर भी लाभार्थियों को नुकसान नहीं होगा। योजना लागू होने की तारीख से ही राशि दी जाएगी। जैसे ही आवश्यक दस्तावेज पूरे होंगे, लाभ सीधे खातों में आने लगेंगे।
योजना के तहत जुलाई 2026 से जनरल वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके लिए सरकार ने करीब 9300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सक्रिय राजनीति में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं के बिना घर नहीं चल सकता, तो देश भी उनके बिना नहीं चल सकता। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अब महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की जरूरत है।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने योजना को लेकर उत्साह जताया और इसे आर्थिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम बताया। सरकार का दावा है कि यह योजना प्रदेश की लाखों महिलाओं को सीधा आर्थिक सहारा प्रदान करेगी।