दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
नूरपुर से चोलंग रूट नंबर 94502 पर स्थित जल्लोवाल चौक में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो कारों और एक मोटरसाइकिल की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए।

सुबह 9:56 बजे मिली सूचना, 10:01 बजे पहुंची टीम
एमडीटी डिवाइस के जरिए पुलिस को सुबह 9:56 बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम 10:01 बजे मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डस्टर कार (JK08D0050) पठानकोट से जालंधर की ओर जा रही थी। इसी दौरान आल्टो कार (PB08DN5365) का चालक कट से गाड़ी मोड़ने लगा, लेकिन वह समय पर गाड़ी नहीं मोड़ पाया। पीछे से आ रही डस्टर कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसी समय भोगपुर से जालंधर जा रही एक स्प्लेंडर बाइक (PB08FN8336) भी आल्टो कार की चपेट में आ गई।

घायलों को लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मदद करते हुए तीनों घायलों को निजी वाहनों से सिविल अस्पताल कालाबकड़ा पहुंचाया। घायल बाइक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि आल्टो कार में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल थे।
अस्पताल में हुई एक की मौत
अस्पताल पहुंचने के बाद आल्टो कार के चालक मख्खन सिंह (निवासी अर्बन एस्टेट फेज-1, जालंधर) की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
जांच शुरू, ट्रैफिक किया बहाल
पुलिस ने हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर ट्रैफिक सुचारू कर दिया। मामले की जांच चौकी लाधड़ा के आईओ एएसआई सरबजीत सिंह को सौंप दी गई है।
मौके पर तैनात पुलिस टीम:
एएसआई सतनाम सिंह, कांस्टेबल जशनदीप सिंह और महिला कांस्टेबल जसपिंदर कौर मौजूद रहे।