दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा कट्टानारपट्टी इलाके में स्थित एक लाइसेंसी यूनिट में हुआ, जहां बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की कई यूनिटें पलभर में ढह गईं और अंदर काम कर रहे कर्मचारी मलबे में दब गए। हादसे के वक्त करीब 25-30 मजदूर अलग-अलग कमरों में काम कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में विस्फोट का कारण बारूद या रसायनों के गलत हैंडलिंग को माना जा रहा है। हालांकि, असली वजह की जांच जारी है।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
गौरतलब है कि विरुधुनगर इलाका पटाखा उद्योग के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठते रहे हैं।