दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर के पठानकोट चौक के पास रणवीर क्लासिक पैलेस के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 साल के बच्चे की जान चली गई। मृतक की पहचान नवांशहर निवासी वंश के रूप में हुई है, जो अपनी मां के साथ एक्टिवा पर सवार होकर करतारपुर से एक पारिवारिक कार्यक्रम से वापस घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, जब वे पठानकोट चौक से पीएपी चौक की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक एक्टिवा चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पास चल रहे ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयानक था कि वंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां सदमे में है और रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना आठ की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शी राहुल के मुताबिक, ट्रक और एक्टिवा दोनों एक ही दिशा में जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

थाना आठ के एसएचओ ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।