दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
समर सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फिरोजपुर छावनी और पटना के बीच आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह सुविधा 21 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 15 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रेन नंबर 04616 हर मंगलवार को फिरोजपुर छावनी से दोपहर 12 बजे रवाना होगी और लगभग 30 घंटे की यात्रा के बाद अगले दिन शाम 6:35 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 04615 हर बुधवार रात 8:20 बजे पटना से चलेगी और करीब 27 घंटे बाद फिरोजपुर छावनी पहुंचेगी। इस दौरान दोनों ओर से 13-13 फेरे लगाए जाएंगे।
यह ट्रेन रास्ते में लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, रायबरेली, वाराणसी, बक्सर और आरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे कई राज्यों के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। रेलवे का मानना है कि इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से भीड़भाड़ कम होगी और टिकट मिलने में भी आसानी होगी।
रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे इस विशेष सेवा का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को पहले से प्लान करें और आरामदायक सफर सुनिश्चित करें।