दोआबा न्यूजलाइन (जालंधर/क्राइम)
जालंधर : जालंधर के वरियाणा में उस समय सनसनी फैल गई , जब इलाके के एक खाली प्लाट से अधजली लाश मिली। लाश की हालत इतनी खराव थी कि पूरे इलाके में बदबू फैल गई थी। राहगीरों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर थाना मकसूदां की पुलिस पहुंची, पुलिस ने जांच शुरू की, तो पता चला कि मृतक कोई और नहीं बल्कि पंजाब पुलिस का एक जवान था।
कमांडो के रूप में हुई पहचान, पटियाला में थी तैनाती
मकसूदां थाने के एएसआई उमेश कुमार ने पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल का मुआयना किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान अमनदीप सिंह (पुत्र गुरनाम लाल) निवासी गांव वरियाणा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमनदीप सिंह पटियाला पुलिस में बतौर कमांडो तैनात था। खाली प्लॉट में उसकी लाश बुरी तरह जली हुई हालत में मिली, जिससे शुरुआती तौर पर मामला काफी संदिग्ध नजर आ रहा है।
5-6 दिन पुराना शव, बीमारी की भी चर्चा
एएसआई उमेश कुमार ने बताया कि शव की हालत देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह करीब 5-6 दिन पुराना है। आसपास के लोगों को जब असहनीय बदबू आई, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। प्रारंभिक जांच और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमनदीप पिछले कुछ समय से किसी गंभीर बीमारी से परेशान चल रहा था। पुलिस इस पहलू पर भी गौर कर रही है कि क्या बीमारी की हताशा में यह कदम उठाया गया या इसके पीछे कोई और साजिश है।
सिविल अस्पताल भेजा गया शव, जांच जारी
पुलिस ने मौके पर साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर जालंधर के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसआई उमेश कुमार के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद से गांव वरियाणा और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।