दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा इलाके में अंबाला-अमृतसर फ्रेट कॉरिडोर पर हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। सोमवार रात करीब 8:30 बजे शंभू बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए इस ब्लास्ट को शुरुआती जांच में बड़ी साजिश की कोशिश माना जा रहा है।

मालगाड़ी के गुजरते ही हुआ विस्फोट
अधिकारियों के अनुसार, जिस समय धमाका हुआ, उसी वक्त ट्रैक से एक मालगाड़ी गुजर रही थी। धमाके से ट्रेन को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन लोको पायलट को तेज झटका महसूस हुआ। उसी ने अधिकारियों को ट्रैक पर गड़बड़ी की सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
धमाका करने वाला ही बना शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि मौके पर मिला शव उसी व्यक्ति का है, जो ट्रैक पर विस्फोटक लगाने आया था। उसकी पहचान तरनतारन जिले के पंजवड़ गांव निवासी जगरूप सिंह के रूप में हुई है। आशंका है कि विस्फोट के दौरान वह खुद इसकी चपेट में आ गया।

मोबाइल, टिकट और बाइक से मिले सुराग
मृतक के पास से मोबाइल फोन और सरहिंद से राजपुरा तक की ट्रेन टिकट बरामद हुई है। इसके अलावा अमृतसर में उसकी बाइक पार्क करते हुए वीडियो भी मिला है, जिसके आधार पर वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पाकिस्तान कनेक्शन की जांच
रेलवे की स्पेशल डीजीपी शशि प्रभा द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर कहा कि हमले के पीछे विदेशी हाथ होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने संकेत दिया कि पाकिस्तान लिंक की भी जांच की जा रही है। मौके से डेटोनेटर और तार जैसे उपकरण भी बरामद हुए हैं।
पहले भी मिल चुकी थी धमकी
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ईमेल के जरिए पंजाब और हरियाणा में रेलवे ट्रैक उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें अंबाला से दिल्ली तक के रूट को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
दो संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। साथ ही यूपी और हरियाणा नंबर की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुका है ऐसा हमला
इस साल 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर इलाके में भी रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ था, जिसमें मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया था।
राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि प्रदेश की शांति फिर खतरे में पड़ सकती है।
मरम्मत का काम जारी
धमाके से क्षतिग्रस्त रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम जारी है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं ताकि किसी बड़े खतरे को टाला जा सके।