दो गाड़ियों में आए हमलावरों ने बरसाईं 7 से 8 गोलियां, पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का शक
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
दिवाली की शाम जहां लोग त्योहार मनाने में व्यस्त थे, वहीं मोगा जिले के बाघापुराना में अचानक गोलियां चलने से दहशत फैल गई। बस्ती इलाके में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों की ओर से करीब 7 से 8 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस दौरान घर की छत पर खड़ा 35 वर्षीय जगजीत सिंह गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके के लोग सहम गए और अपनी सुरक्षा के लिए घरों में छिप गए।

दो गाड़ियों में पहुंचे हमलावरों ने अचानक शुरू कर दी फायरिंग
जानकारी के अनुसार, बाघापुराना के बस्ती इलाके में दिवाली की शाम दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। लगातार हुई फायरिंग के दौरान घर की छत पर मौजूद जगजीत सिंह गोली की चपेट में आ गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पहले बाघापुराना अस्पताल ले गए परिजन, फिर मोगा रेफर
फायरिंग में जगजीत सिंह के घायल होने के बाद परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत बाघापुराना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे मोगा के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए तथ्य, आरोपियों की तलाश शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बाघापुराना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगा रही है। पुरानी रंजिश को वारदात की वजह माना जा रहा है।
घायल के बयान के आधार पर दर्ज होगा मामला
डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि फायरिंग में जगजीत सिंह घायल हुआ है और उसकी हालत ठीक है। घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उनके आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।