आज कोलकाता में BJP विधायक दल की अहम बैठक
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद आज राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा दिन माना जा रहा है। कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक होने जा रही है, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायक इस बैठक में शामिल होंगे।
अमित शाह की मौजूदगी में होगा नेता का चुनाव
Amit Shah बंगाल के केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर बैठक में मौजूद रहेंगे। उनके साथ Mohan Charan Majhi सह-पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। विधायक दल की बैठक में पहले वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री पद के लिए नाम प्रस्तावित करेंगे, जिसके बाद सभी विधायकों की सहमति से विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
विधायक दल का नेता ही बनेगा नया मुख्यमंत्री
बैठक में जिस नेता को विधायक दल का नेता चुना जाएगा, वही पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। माना जा रहा है कि पार्टी आज ही आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है। इसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी जाएगी।
CM पद की रेस में सबसे आगे सुवेंदु अधिकारी
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार Suvendu Adhikari को माना जा रहा है। उन्होंने भवानीपुर सीट से Mamata Banerjee को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की है। इससे पहले भी वह नंदीग्राम में ममता बनर्जी को चुनाव हरा चुके हैं। संगठन में मजबूत पकड़ और जमीनी नेटवर्क के कारण उनका पलड़ा भारी माना जा रहा है।
महिला CM चेहरे पर भी पार्टी का फोकस
अगर बीजेपी महिला मुख्यमंत्री का चेहरा आगे बढ़ाती है तो Agnimitra Paul और Rupa Ganguly के नाम चर्चा में हैं। अग्निमित्रा पॉल अपनी बेबाक शैली और संगठन में सक्रिय भूमिका के लिए जानी जाती हैं। वहीं रूपा गांगुली की लोकप्रियता और महिला मोर्चा में काम को भी पार्टी अहम मान रही है।
दिलीप घोष और समिक भट्टाचार्य भी दावेदार
Dilip Ghosh का नाम भी मुख्यमंत्री पद की चर्चा में बना हुआ है। उन्हें बंगाल में बीजेपी को मजबूत करने वाले नेताओं में गिना जाता है। वहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष Samik Bhattacharya को भी मजबूत संगठनात्मक चेहरा माना जा रहा है। पार्टी के भीतर उनकी संघ पृष्ठभूमि को भी अहम माना जा रहा है।
RSS की राय को मिल सकता है महत्व
बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बीच हाल में हुई समन्वय बैठकों में वैचारिक एकता और संगठनात्मक अनुशासन पर जोर दिया गया था। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के चयन में RSS की राय निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
उत्पल महाराज का नाम भी चर्चा में
धार्मिक और वैचारिक चेहरों में Utpal Maharaj का नाम भी सामने आ रहा है। उन्होंने कालीगंज सीट से बड़ी जीत दर्ज की है। पार्टी के भीतर उन्हें हिंदुत्व और संगठन दोनों के मजबूत चेहरे के रूप में देखा जा रहा है।
आज मंत्रिमंडल के फॉर्मूले पर भी होगा मंथन
बैठक में सिर्फ मुख्यमंत्री का नाम ही तय नहीं होगा, बल्कि नए मंत्रिमंडल, विधानसभा स्पीकर और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को लेकर भी चर्चा होगी। बीजेपी कोशिश कर रही है कि नई सरकार में उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्रों का संतुलन बना रहे।
9 मई को हो सकता है शपथ ग्रहण समारोह
सूत्रों के मुताबिक विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। कोलकाता में इसकी तैयारियां तेज हो गई हैं और बीजेपी के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है।