दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
Jalandhar के 66 फीट रोड स्थित जालंधर हाइट्स-1 में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देर रात क्लब हाउस के नजदीक 12वीं कक्षा के छात्र पर हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सोसाइटी परिसर में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक घायल छात्र आरुष अपने परिचित से मिलने जालंधर हाइट्स आया हुआ था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और पहले उससे बहस करने लगे। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और करीब दर्जनभर युवकों ने छात्र को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के हाथों में तेजधार हथियार थे और उन्होंने बेसमेंट एरिया के पास छात्र पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट लगी स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कारों में पहुंचे थे। वारदात से पहले उन्होंने गाड़ियां बेसमेंट में खड़ी कीं और फिर छात्र को बाहर बुलाया। जैसे ही छात्र वहां पहुंचा, युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोग सहम गए।
घायल छात्र के परिवार का आरोप है कि हमले की वजह बेहद मामूली थी। परिवार के अनुसार कुछ युवकों को यह बात नागवार गुजरी कि छात्र उनकी तरफ देख रहा था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हमला करने वालों में शहर के एक कारोबारी परिवार से जुड़े युवक भी शामिल थे।
घटना के दौरान सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई। बताया जा रहा है कि गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलावर धमकियां देकर निकल गए। वारदात पुलिस चौकी के नजदीक होने के बावजूद आरोपी आसानी से फरार हो गए।
हमले में घायल आरुष को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों समेत अन्य युवकों की तलाश जारी है। पुलिस विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।