दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अमृतसर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ड्यूटी के लिए निकले एक पुलिस अधिकारी पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। हमले में घायल हुए ASI जोगा सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि ASI सुबह अपने वाहन पर ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीमों को भी जांच में लगाया गया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस फिलहाल इस मामले को कई एंगल से देख रही है। शुरुआती जांच में व्यक्तिगत रंजिश, पुरानी दुश्मनी और सड़क विवाद जैसे पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।