दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब। रक्षाबंधन के पर्व पर इस बार पंजाब में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की कई भावुक और अनोखी तस्वीरें देखने को मिलेंगी। पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता लक्ष्मी कांता चावला शाम को अटारी बॉर्डर पहुंचकर BSF जवानों की कलाई पर राखी बांधेंगी। वह हर साल जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाती हैं। इस दौरान वह जवानों के कुशल-मंगल और देश की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करेंगी।

जेलों में भी बहनों ने भाइयों को बांधी राखी
पंजाब की जेलों में बंद कैदियों और हवालातियों के लिए भी रक्षाबंधन पर विशेष व्यवस्था की गई। बहनें जेल पहुंचीं और पुलिस की मौजूदगी में अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। लंबे समय बाद भाई से मिलने पहुंची कई बहनें भावुक होकर रो पड़ीं।
नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद एक युवक ने भावुक होकर बताया कि पहले वह घर पर अपनी बहन से राखी बंधवाता था, लेकिन इस बार बहन को जेल में आना पड़ा। करीब तीन महीने से जेल में बंद एक पिता भी बेटे से मिलने के बाद भावुक हो गया।
लुधियाना जेल में भी भावुक हुए भाई-बहन
लुधियाना जेल में बंद कैदियों को राखी बांधने के लिए उनकी बहनें पहुंचीं। इस दौरान भाई-बहन ने एक-दूसरे से मुलाकात की और बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सलामती की कामना की।
32 फीट ऊंचे हनुमान जी को बांधी विशाल राखी
चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित श्री हनुमंत धाम में भी रक्षाबंधन पर अनोखा आयोजन हुआ। यहां 32 फीट ऊंची वीर हनुमान जी की प्रतिमा को बहनों ने 12.5 फीट से अधिक लंबी पर्यावरण अनुकूल राखी बांधी।
नेताओं ने भी मनाया रक्षाबंधन
रक्षाबंधन के मौके पर गायक रणजीत सिंह बावा ने अपनी बहन से राखी बंधवाई। वहीं पंजाब के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने भी अपनी बहन से राखी बंधवाकर भाई-बहन के इस पर्व को मनाया। दूसरी ओर जेलों में बंद भाइयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंचीं बहनों के लिए भी प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए।
रखड़ पुण्या मेले में राज्य स्तरीय समारोह
पंजाब में रक्षाबंधन के अवसर पर रखड़ पुण्या मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। बाबा बकाला साहिब में राज्य स्तरीय समारोह होगा, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान महिलाओं को ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत सम्मान राशि जारी करेंगे। दी गई जानकारी के मुताबिक योजना के तहत अब तक 7.65 लाख से अधिक महिलाएं पंजीकृत हो चुकी हैं।