दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने भीषण गर्मी के चलते सरकारी दफ्तरों के समय में किया गया बदलाव अब वापस ले लिया है। मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब की ओर से जारी नए नोटिफिकेशन के अनुसार अब राज्य के सरकारी दफ्तर दोबारा पुराने समय के मुताबिक सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुलेंगे।
इससे पहले गर्मियों और हीटवेव को देखते हुए पंजाब सरकार ने सरकारी कार्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक कर दिया था, ताकि कर्मचारियों और आम लोगों को तेज धूप व गर्मी से राहत मिल सके।
जारी आदेश में बताया गया है कि यह फैसला भारत चुनाव आयोग द्वारा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम की समय-सारिणी में बदलाव के बाद लिया गया है। नए निर्देशों के मुताबिक अब चुनाव संबंधी कार्य और सरकारी दफ्तरों की गतिविधियां सामान्य समय पर संचालित होंगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित कार्यालयों में दफ्तर का समय अब सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। आदेश के बाद विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों को भी इसकी सूचना भेज दी गई है।
सरकार के इस फैसले से आम लोगों को सरकारी कामकाज के लिए फिर से पुराने समय के अनुसार दफ्तरों में पहुंचना होगा।