दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर में एक घर में अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में खेल रहे एक छोटे बच्चे ने माचिस जलाई, जिसके बाद जलती तीली बेड पर गिर गई और देखते ही देखते आग ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
कमरे से उठता धुआं देख मचा हड़कंप
परिवार के सदस्य घर के दूसरे हिस्से में मौजूद थे, तभी कमरे से धुआं निकलता देख पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे। आग तेजी से गद्दों, कपड़ों और लकड़ी के फर्नीचर तक फैल गई। लोगों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें बढ़ती देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर का काफी सामान पूरी तरह जल गया। आग की वजह से कमरे की दीवारें और बिजली का सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बच्चों को माचिस और लाइटर से दूर रखने की अपील
घटना के बाद दमकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि छोटे बच्चों को माचिस, लाइटर और अन्य ज्वलनशील चीजों से दूर रखें। गर्मी के मौसम में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। हाल के दिनों में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।