दोआबा न्यूज़लाइन। जालंधर
तेहरान/वॉशिंगटन। बकरीद के मौके पर मध्य-पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। अमेरिका ने ईरान के दक्षिणी इलाके बंदर अब्बास के पास सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तेज सैन्य गतिविधियां देखने को मिलीं, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया।
ड्रोन हमलों के बाद अमेरिका का जवाबी एक्शन
अमेरिकी अधिकारियों का दावा है कि ईरान की ओर से हमला करने की तैयारी में मौजूद चार ड्रोन को मार गिराया गया। इसके बाद अमेरिकी सेना ने ड्रोन कंट्रोल सेंटर और सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई अमेरिकी सैनिकों और समुद्री जहाजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई।
होर्मुज स्ट्रेट बना दुनिया की चिंता
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में गिना जाता है। यहां बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी बेचैनी बढ़ गई है। कई देशों ने अपने जहाजों और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह जारी की है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात और बिगड़े तो वैश्विक तेल सप्लाई प्रभावित हो सकती है।
युद्धविराम के बीच फिर बढ़ा टकराव
हाल ही में दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिशें चल रही थीं, लेकिन ताजा हमलों के बाद हालात फिर बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं। अमेरिका ने इसे “रक्षात्मक कार्रवाई” बताया है, जबकि ईरान ने जवाब देने की चेतावनी दी है। पूरे घटनाक्रम पर दुनिया की नजर बनी हुई है।