दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर के दशमेश नगर इलाके में शुक्रवार को सरेआम हुई फायरिंग से पूरे शहर में दहशत फैल गई। पुरानी दुश्मनी के चलते कुछ युवकों ने दो दोस्तों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में सिमरनजीत नाम के एक युवक की गर्दन में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। यह खूनी वारदात ऐसे समय में हुई है जब शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जालंधर आ रहे हैं। सीएम के दौरे से ठीक पहले हुए इस कत्ल ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
पट्टी करवाने अस्पताल जा रहे थे घायल, रास्ते में ही रोककर मार दी गोली
घटना के चश्मदीद राजवीर (निवासी कोट सद्दीक) ने बताया कि हमलावरों और पीड़ितों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। महज एक दिन पहले भी आरोपी गुल्लू ने अपने साथियों राहुल और लक्की के साथ मिलकर सिमरनजीत और सौरव पर तेजधार हथियारों से हमला किया था, जिसमें दोनों जख्मी हो गए थे। शुक्रवार को जब दोनों पीड़ित अपनी पट्टियां करवाने और इलाज के लिए अस्पताल जाने ही वाले थे, तभी आरोपी गुल्लू ने अकेले आकर उन्हें रास्ते में घेर लिया। इससे पहले कि दोनों संभल पाते, आरोपी ने उन पर पिस्तौल से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। राजवीर के सामने ही उसके दोस्तों को गोली मार दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, जिसके बाद घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिमरनजीत को मृत घोषित कर दिया।
सीएम के आने से पहले पुलिस अलर्ट, किशनपुरा में भी मची दहशत
शनिवार को होने वाले मुख्यमंत्री के वीवीआईपी दौरे को लेकर जहां पुलिस को हाई अलर्ट पर होना चाहिए था, वहीं इस वारदात ने स्थानीय सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। इसके अलावा, शुक्रवार को ही शहर के एक अन्य इलाके किशनपुरा में भी कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं। वहां शाम के समय ‘बीएमएस फैशन’ नाम की कपड़े की दुकान पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक गोलियां चलाईं। वारदात के तुरंत बाद दुकानदार को फोन पर धमकी भी दी गई, जिससे शहर के व्यापारियों में भारी डर का माहौल है। मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक 24 घंटे पहले शहर में दो अलग-अलग जगहों पर गोलियां चलना और एक हत्या होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान लगाता है। फिलहाल पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।