दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने दुबई से पहुंची एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में सोना तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। जांच के दौरान विमान के टॉयलेट क्षेत्र में लगे स्पीकर यूनिट के अंदर संदिग्ध पैकेट मिलने पर टीम ने तकनीकी जांच करवाई।
तलाशी में छिपाकर रखे गए 24 गोल्ड बिस्किट बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार बरामद सोने का वजन करीब 2.8 किलो है और इसकी अनुमानित कीमत करीब 4.26 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोने को इस तरह छिपाया गया था ताकि सामान्य जांच के दौरान किसी को शक न हो। बरामदगी के बाद कस्टम विभाग ने सोना जब्त कर लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सोना विमान में किसने रखा, इसे लेने कौन आने वाला था और इसके पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।