दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर। आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्रेन मार्केट पोस्ट ऑफिस, जालंधर को 15 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन भी खोला जाएगा। इस दौरान लोगों को डाक सेवाओं के साथ-साथ आधार कार्ड से संबंधित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
डिप्टी पोस्ट मास्टर ग्लैडविन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष व्यवस्था के तहत पोस्ट ऑफिस सुबह 9:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुला रहेगा। इस दौरान ग्राहक स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट, ईएमएस, पार्सल सहित घरेलू और अंतरराष्ट्रीय डाक बुकिंग की सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा आधार कार्ड के नए नामांकन (Enrollment) तथा आधार अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभदायक होगी, जो कार्यदिवसों में अपने जरूरी कार्य नहीं करा पाते।
डिप्टी पोस्ट मास्टर ग्लैडविन ने नागरिकों से अपील की कि वे इस विशेष सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और 15 जुलाई से 28 अगस्त 2026 के बीच रविवार एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी अपने डाक और आधार संबंधी कार्य आसानी से निपटाएं।