दोआबा न्यूजलाइन (जालंधर /फ्रॉड)
जालंधर : महानगर में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने बड़ी रेड के दौरान लगभग 130.50 करोड़ का जीएसटी घोटाला बेनकाब किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस घोटाले में 23 फर्जी फर्मों का नेटवर्क शामिल था, जिनके नाम पर नकली बिलिंग के ज़रिये सालों से सरकार को चूना लगाया जा रहा था।
जानकारी के मुताविक शहर में इन फर्जी कंपनियों के माध्यम से फर्जी इनवॉइस और दस्तावेज़ तैयार किए गए थे, जिनके ज़रिये करदाता सरकार को कम टैक्स दिखा कर टैक्स बचाते तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का अवैध लाभ उठाते थे। इससे सरकारी खज़ाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
सेंट्रल जीएसटी की टीम ने जालंधर के अलावा अन्य स्थानों पर भी दस्तावेज़ और कंप्यूटर रिकॉर्ड जब्त किए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि और कौन-कौन से लोग इस फर्जी नेटवर्क से जुड़े हैं। विभाग ने कहा है कि यह कार्रवाई GST से जुड़े काले कारोबार को रोकने और भ्रष्टाचार का मुकाबला करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
घोटाले के खुलासे के बाद कई बड़े कारोबारी और टैक्स एजेंटों की पहचान हुई है, जिनसे पूछताछ जारी है। मामले की गहराई से जांच चल रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस तरह के घोटाले भविष्य में न हो सकें और सरकार को मिलने वाला टैक्स समय पर और सही तरीके से संग्रहित हो सके।