दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब के सेवा केंद्र (सेवा केंद्र) कर्मचारियों ने सरकार को दोपहर 2 बजे तक वेतन जारी करने का अल्टीमेटम दिया है। यूनियन का कहना है कि तय समय तक वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारी पेन डाउन और कंप्यूटर शटडाउन हड़ताल शुरू कर देंगे। इससे राज्यभर के सेवा केंद्रों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
लोगों के सरकारी काम रुकने की आशंका
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल शुरू होने के बाद सेवा केंद्रों में किसी भी प्रकार के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में सरकारी दस्तावेज बनवाने या विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रोजाना 90 हजार से 1 लाख आवेदन
पंजाब के सेवा केंद्रों में प्रतिदिन करीब 90 हजार से 1 लाख आवेदन जमा होते हैं। यदि हड़ताल जारी रहती है तो बड़ी संख्या में सरकारी सेवाएं प्रभावित होंगी और हजारों आवेदन लंबित होने की आशंका है।
ये सेवाएं होंगी प्रभावित
हड़ताल के दौरान जाति, निवास (डोमिसाइल), आय, संपत्ति, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीकरण, जमीन की जमाबंदी और फर्द की प्रति, एग्रीमेंट व एफिडेविट अटेस्टेशन, स्टांप पेपर संबंधी आवेदन, राशन कार्ड में नाम जोड़ना, हटाना या संशोधन, वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के आवेदन, ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े कार्य, वाहन आरसी सेवाएं तथा आधार कार्ड के नए नामांकन और अपडेट जैसी सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
सरकार को चेतावनी, पुतला फूंकने का ऐलान
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि दोपहर 2 बजे तक वेतन जारी नहीं हुआ तो कर्मचारी काम बंद करने के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान और कंपनी प्रबंधन का पुतला भी फूंकेंगे। सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन का भी ऐलान किया गया है। यूनियन का कहना है कि आगे की रणनीति और हड़ताल जारी रखने या समाप्त करने का अंतिम फैसला बैठक के बाद लिया जाएगा।