दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू के पंजाब दौरे के दौरान बटाला में उनके काफिले को विरोध का सामना करना पड़ा। घसीतपुर इलाके में काफिले की ओर अंडे और पत्थर फेंके जाने का आरोप सामने आया है। घटना के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालते हुए काफिले को वहां से रवाना कराया।
बताया जा रहा है कि रवनीत बिट्टू अमृतसर से पठानकोट की तरफ जा रहे थे। उनका कार्यक्रम भाजपा की ओर से आयोजित ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ से जुड़ा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना को लेकर बिट्टू की ओर से आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि प्रदर्शन के दौरान काफिले को निशाना बनाया गया और कुछ लोगों को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी की तरफ से इन आरोपों को खारिज किया गया है। पार्टी का कहना है कि उसके कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे थे।
विरोध के दौरान वाहनों पर अंडे और पत्थर फेंके जाने से काफिले में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बनी। वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात भी सामने आई है। हालांकि, रवनीत बिट्टू के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिट्टू ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने मामले की जानकारी पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और केंद्रीय स्तर पर भी देने की बात कही। बाद में उन्होंने बटाला के पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग रखी।
गौरतलब है कि भाजपा की ओर से पंजाब में नशे के खिलाफ राज्यव्यापी यात्रा निकाली जा रही है। पार्टी के मुताबिक यह यात्रा प्रदेश के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और इसका समापन जालंधर में किया जाना प्रस्तावित है। इसी अभियान के दौरान बटाला में यह विरोध सामने आया।