दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
पुलिस-प्रशासन की रोक के बावजूद कारोबारी राकेश त्रेहन ने अपने चर्चित ‘आईफोन लंगर’ के तहत ड्रॉ निकाल दिया। सेक्टर-10 स्थित आवास पर मीडिया की मौजूदगी में हुए ड्रॉ में 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के नाम शामिल किए गए। ड्रॉ से चुनी गई 10 महिलाओं के घर आईफोन पहुंचाए जाएंगे।
व्हाट्सऐप ग्रुप में शामिल महिलाओं के नाम से निकला ड्रॉ
राकेश त्रेहन के अनुसार, चंडीगढ़ और मोहाली की 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं का व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया था। इसमें शामिल महिलाओं के लिए रोजाना ‘जय माता दी’ लिखना जरूरी रखा गया था। ऐसा नहीं करने वाली सदस्यों को ग्रुप से हटाने की बात कही गई थी। मीडिया के सामने स्क्रीन पर ग्रुप में शामिल नामों को स्क्रॉल किया गया और स्क्रीन रुकने पर संबंधित महिला को विजेता चुना गया। इस प्रक्रिया में 15 नाम सामने आए, जिनमें से 10 महिलाओं के घर आईफोन भेजे जाएंगे।
घर पर भीड़ नहीं जुटाने की अपील
प्रशासन की ओर से आयोजन पर रोक लगाए जाने के बावजूद ड्रॉ निकालने को लेकर त्रेहन ने कहा कि मौके पर किसी तरह की भीड़ नहीं जुटाई गई। ड्रॉ दोपहर 12 से 2 बजे के बीच आयोजित किया गया और वहां केवल मीडियाकर्मी मौजूद थे। उन्होंने लोगों से अपने घर पर भीड़ नहीं लगाने की अपील करते हुए कहा कि विजेताओं को मोबाइल उनके घर पर ही पहुंचाए जाएंगे।
पहले नकदी, बर्गर और पेट्रोल भी बांट चुके हैं
राकेश त्रेहन इससे पहले भी अलग तरह के ‘लंगर’ को लेकर चर्चा में रहे हैं। सितंबर में मोहाली के फेज-3बी1 स्थित श्री वैष्णो माता मंदिर के बाहर ‘जय माता दी’ बोलने वालों को 500, 1000 और 1500 रुपये तक नकद बांटने की बात सामने आई थी। अगस्त में चंडीगढ़ के सेक्टर-8 में उन्होंने नकदी के साथ बर्गर और कोल्ड ड्रिंक का वितरण किया था।
पेट्रोल बांटने के ऐलान पर जुट गई थी भीड़
इससे पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का ‘लंगर’ लगाने का ऐलान भी किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की स्थिति बनने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था और कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।