दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
वार्ड नंबर-23 की पार्षद परमजीत कौर के पति हरपाल सिंह मिंटू पर कुछ अज्ञात युवकों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब हरपाल मिंटू मंगलवार शाम करीब 7 बजे पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच उपजे विवाद को सुलझाने और राजीनामा करवाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार इलाके में पिछले कुछ दिनों से दो गुटों के बीच तनाव चल रहा था, जिसे शांत कराने के लिए पार्षद पति मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे थे।
तीखी बहस के बाद तेजधार हथियारों से हमला
बातचीत के दौरान अचानक किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस छिड़ गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच दूसरे पक्ष के युवकों ने तैश में आकर अपने पास रखे तेजधार हथियारों और चाकुओं से आप नेता के पति पर कई वार कर दिए। इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
समय पर इलाज मिलने से ब बची जान, हालत खतरे से बाहर
हमले में हरपाल सिंह मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और लहूलुहान हालत में इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उचित चिकित्सीय सहायता मिलने के कारण अब उनकी जान खतरे से बाहर है और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी राजेश ठाकुर और डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर राजू भईया और शामा लाहौरिया समेत कुल चार हमलावरों की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 190, 191 और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हमला पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के कारण किया गया था। पुलिस टीमों का गठन कर फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।