सुल्तानविंड रोड पर दिवाली की देर रात आमने-सामने आए दो गुट, एक पक्ष ने चलाई गोलियां; मृतक की पहचान प्रताप सिंह के रूप में हुई
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अमृतसर। दिवाली की देर रात अमृतसर के सुल्तानविंड रोड पर सोने के लेनदेन को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो गुटों के बीच हुई बहसबाजी के बाद एक पक्ष ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में प्रताप सिंह नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि मौके पर ड्यूटी कर रहे एएसआई हरनेक सिंह के पैर में भी गोलियां लगीं। घायल एएसआई को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सोने के कारोबार से जुड़े दोनों पक्ष, काफी समय से चल रही थी खींचतान
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष सोने के कारोबार से जुड़े हुए हैं और उनके बीच सोने के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दिवाली की देर रात दोनों पक्ष बाजार में आमने-सामने आ गए। पहले उनके बीच बहसबाजी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोलियां चला दी गईं।
फायरिंग में युवक की मौत, एएसआई के पैर में लगी गोली
अचानक हुई फायरिंग में प्रताप सिंह को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, मौके पर ड्यूटी कर रहे एएसआई हरनेक सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी है। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, हत्या का मामला दर्ज करने की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना पीठ भजन की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में फायरिंग के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।