पहले जलाया गया पटाखा नहीं फटा, कुछ देर बाद अचानक हुआ जोरदार धमाका; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जगराओं। दीपावली की रात लुधियाना जिले के जगराओं के थाना सुधार क्षेत्र के गांव अकालगढ़ में पटाखे से हुए दर्दनाक हादसे में साढ़े 14 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। मृतक की पहचान साकित मित्तल उर्फ गगन के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा आसमान में रंगीन रोशनी बिखेरने वाले बड़े पटाखे जला रहा था। अचानक हुए धमाके की चपेट में आने से उसकी गर्दन पर गंभीर चोट लग गई।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के मौके पर साकित अपने परिवार के साथ गुरुसर सुधार की नई आबादी अकालगढ़ में मौजूद था। परिवार के सदस्य दीपावली की पूजा और त्योहार मनाने के लिए उसके बड़े ताऊ राज कुमार मित्तल के नए मकान में एकत्र हुए थे। घर में पूजा-अर्चना के बाद दीप जलाए जा रहे थे और परिवार के सभी सदस्य त्योहार की खुशियां मना रहे थे।
इसी दौरान साकित ने एक बड़ा पटाखा जलाया, लेकिन वह नहीं चला। कुछ देर इंतजार करने के बाद उसने दूसरा पटाखा जलाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि जब वह दूसरे पटाखे को जलाने में लगा था, तभी पहले से पड़ा बिना चला पटाखा अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। उस समय साकित पटाखे के पास झुककर खड़ा था। धमाका सीधे उसकी गर्दन के पास हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन घबरा गए। परिवार के सदस्य तुरंत उसे लेकर नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचे। हालांकि, वहां चिकित्सक डॉ. सरबजीत सिंह ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और दीपावली का जश्न देखते ही देखते मातम में बदल गया।
साकित के पिता सुरेश कुमार मित्तल गांव के प्रतिष्ठित कारोबारी हैं और आरती स्टोर के मालिक हैं। परिवार ने दीपावली एक साथ मनाने के लिए विशेष तैयारी की थी, लेकिन एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ देर पहले दीपावली की रौनक थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।