दोआबा न्यूजलाइन (सतपाल शर्मा)
पंजाब के जालंधर और मोगा जिलों में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कई स्कूलों, पंजाब विधानसभा, दिल्ली जाने वाली ट्रेन और डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिली। यह धमकी “खालिस्तान नेशनल आर्मी” के नाम से भेजी गई बताई जा रही है। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कई जगहों पर जांच शुरू कर दी गई।
जालंधर के 6 स्कूलों को मिली धमकी
मिली जानकारी के अनुसार जालंधर के छह स्कूलों को धमकी भरी ईमेल भेजी गई। इनमें एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिटी ग्रुप, अकाल एकेडमी और सेंट सोल्जर डिवाइन स्कूल सहित अन्य संस्थानों का नाम शामिल है। ईमेल में स्कूलों के अलावा पंजाब विधानसभा, दिल्ली जाने वाली ट्रेन और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूल परिसरों की जांच शुरू कर दी। एपीजे स्कूल में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की तलाशी ली।
बच्चों के परिजन स्कूल पहुंचे
धमकी की खबर फैलते ही बच्चों के परिजनों में भी चिंता बढ़ गई। कई अभिभावक तुरंत स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों को घर ले जाते नजर आए। स्कूल प्रशासन ने भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी और पुलिस के साथ मिलकर हालात पर नजर रखी।
मोगा के तीन सरकारी स्कूलों को भी धमकी
जालंधर के बाद मोगा जिले के तीन सरकारी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। इनमें गांव गोथेवाला, उगोके और झंडियाना के सरकारी स्कूल शामिल हैं। यह ईमेल सीधे स्कूलों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई थी। गोथेवाला स्कूल के शिक्षक राजेश कुमार गर्ग ने बताया कि जैसे ही ईमेल मिली, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसर की जांच शुरू की गई। सुरक्षा कारणों से स्कूल में चल रही नौवीं कक्षा की परीक्षा भी रद्द कर दी गई।
सुबह भेजी गई धमकी भरी ईमेल
बताया जा रहा है कि जालंधर के स्कूलों को धमकी भरी ईमेल “हाबी दानबा” नाम के अकाउंट से सुबह 7 बजकर 37 मिनट पर भेजी गई थी। ईमेल के सब्जेक्ट में “जालंधर स्कूलों में बम धमाका” लिखा गया था। मेल में दावा किया गया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी निशाने पर हैं और पंजाब को खालिस्तान बनाने की बात कही गई है। साथ ही लोगों से अपने बच्चों को बचाने की चेतावनी दी गई है।
ईमेल में धमाके का समय भी लिखा
धमकी भरी ईमेल में अलग-अलग जगहों पर बम धमाके का समय भी लिखा गया है। इसमें स्कूलों को उड़ाने का समय दोपहर 1 बजकर 11 मिनट, पंजाब विधानसभा के लिए 2 बजकर 11 मिनट और दिल्ली जाने वाली ट्रेन के लिए रात 9 बजकर 11 मिनट बताया गया है। ईमेल में यह भी लिखा गया कि 14 अप्रैल तक पंजाब से डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें और मूर्तियां हटाने की मांग की गई है, अन्यथा बम धमाके करने की धमकी दी गई है।
मुख्यमंत्री को लेकर भी दी धमकी
ईमेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी धमकी भरे शब्द लिखे गए हैं। इसमें कहा गया कि उनके टुकड़े कर दिए जाएंगे और सिखों के दुश्मनों को बम और हथियारों से खत्म किया जाएगा। साथ ही खालिस्तान जनमत संग्रह के जरिए पंजाब को भारत से आजाद कराने की बात भी लिखी गई है।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी भरी ईमेल सामने आने के बाद पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। पुलिस ने सभी संबंधित स्कूलों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन जांच की जा रही है और पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रही है।