दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
इटली के पर्मा शहर में स्थित मैग्नानी रोक्का फाउंडेशन म्यूजियम में एक बेहद हैरान कर देने वाली चोरी सामने आई है। चोरों ने बिना किसी शोर-शराबे या हथियारों के इस्तेमाल के महज तीन मिनट के भीतर करोड़ों रुपये की तीन अनमोल पेंटिंग्स चुरा लीं। इस घटना की जानकारी पुलिस ने कुछ दिनों बाद सार्वजनिक की, जिसके बाद कला जगत में हड़कंप मच गया।
दुनिया के मशहूर कलाकारों की पेंटिंग्स बनी निशाना
चोरी की गई कलाकृतियां कोई साधारण नहीं थीं, बल्कि विश्व प्रसिद्ध कलाकारों की थीं। इनमें पियरे ऑगस्ट रेनुआर की ‘फिश’, पॉल सेजान की ‘स्टिल लाइफ विद चेरीज’ और हेनरी मातिस की ‘ओडालिस्क ऑन द टेरेस’ शामिल हैं। इन तीनों की कुल कीमत करीब 10 मिलियन डॉलर यानी लगभग 90 से 95 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
इतिहास से जुड़ा है यह म्यूजियम
यह म्यूजियम कला प्रेमियों के लिए बेहद खास माना जाता है, जहां अल्ब्रेख्त ड्यूरर, पीटर पॉल रूबेन्स, फ्रांसिस्को गोया और क्लॉड मोने जैसे महान चित्रकारों की रचनाएं भी सुरक्षित रखी गई हैं। इस फाउंडेशन की स्थापना 1977 में कला इतिहासकार लुइगी मैग्नानी के निजी संग्रह के आधार पर की गई थी।
बेहद प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई वारदात
म्यूजियम प्रशासन के मुताबिक यह चोरी पूरी तरह से सुनियोजित थी। चोरों ने समय का सटीक चुनाव किया और कुछ ही मिनटों में अपना काम पूरा कर लिया। हालांकि, सुरक्षा अलार्म बजने के कारण वे ज्यादा पेंटिंग्स नहीं ले जा सके। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी म्यूजियम से सटे बगीचे के रास्ते भाग निकले।
अलार्म ने बचाई कई बेशकीमती कृतियां
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सुरक्षा प्रणाली समय पर सक्रिय न होती तो नुकसान कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था। म्यूजियम में मौजूद कई अन्य कीमती कलाकृतियां भी खतरे में आ सकती थीं, लेकिन अलार्म बजने से चोरों को जल्दी भागना पड़ा।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी हाई-प्रोफाइल चोरियां
इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। इससे पहले अक्टूबर 2025 में फ्रांस की राजधानी पेरिस के प्रसिद्ध लूव्र म्यूजियम में भी इसी तरह की वारदात हुई थी। वहां नकाबपोश चोरों ने कुछ ही मिनटों में कई कीमती शाही आभूषण चुरा लिए थे, जिनकी कीमत सैकड़ों करोड़ रुपये बताई गई थी।
लूव्र चोरी में भी अपनाया गया था तेज और चौंकाने वाला तरीका
उस मामले में चोर खिड़की के रास्ते अंदर घुसे थे और शीशे तोड़कर गहनों को लेकर फरार हो गए। भागने के लिए उन्होंने मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किया। हालांकि कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, लेकिन चोरी किया गया सामान अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
जांच जारी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इटली की इस नई घटना के बाद एक बार फिर म्यूजियम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है। वहीं, कला विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाने की जरूरत है।