दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के खाने की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है। अहमदाबाद से मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन में एक यात्री को परोसे गए खाने में कीड़ा मिलने की शिकायत पर भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने सख्त कार्रवाई की है।
शिकायत मिलते ही IRCTC ने तुरंत जांच शुरू की और दोषी पाए जाने पर संबंधित वेंडर कंपनी पर ₹10 लाख का भारी जुर्माना लगाया। इसके साथ ही वेंडर का कॉन्ट्रैक्ट भी रद्द कर दिया गया है।

दरअसल, यात्री आदित्य डिडवानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दाल में कीड़ा मिलने की तस्वीरें और वीडियो साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके कोच में कम से कम दो बार खाने में कीड़ा मिला, जिसके बाद यात्रियों ने खाना खाना ही बंद कर दिया। उन्होंने वेंडर कंपनी का नाम मेसर्स ब्रांडावन फूड प्रोडक्ट्स (आरके ग्रुप) भी उजागर किया।
यात्री ने अपनी शिकायत में FSSAI, रेल मंत्री और IRCTC को टैग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामला सामने आने के बाद IRCTC ने यात्री से PNR और अन्य जानकारी लेकर तुरंत एक्शन लिया।
IRCTC ने दी जानकारी:
IRCTC ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। दोषी वेंडर पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ उसका लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा संबंधित किचन को सील कर डीप क्लीनिंग और पेस्ट कंट्रोल कराया जा रहा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मामला नहीं है, जब ट्रेन के खाने को लेकर शिकायत सामने आई हो। इससे पहले भी कई बार यात्रियों ने खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं, जिस पर रेलवे ने कार्रवाई की है।
यात्रियों में नाराजगी
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने कहा कि ऐसे मामले अब आम होते जा रहे हैं और रेलवे को और सख्त कदम उठाने चाहिए। कुछ यात्रियों ने सलाह दी कि सफर के दौरान बाहर का खाना लेने से बेहतर है कि अपना खाना साथ लेकर चलें।