दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
देश के तीन राज्यों—असम, केरल और पुडुचेरी—में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। तीनों राज्यों की कुल 296 सीटों पर वोटिंग जारी है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। इनमें असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की सभी 30 सीटें शामिल हैं।
इन चुनावों में करीब 10 लाख से ज्यादा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे युवाओं की भागीदारी को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। विधानसभा चुनाव के साथ-साथ कर्नाटक की 2 सीटों, नागालैंड की 1 सीट और त्रिपुरा की 1 सीट पर भी उपचुनाव हो रहे हैं। वहीं गोवा में प्रस्तावित उपचुनाव पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है।
राजनीतिक दृष्टि से ये चुनाव बेहद अहम माने जा रहे हैं। केरल में करीब 70 वर्षों में पहली बार कोई मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सत्ता में आने (हैट्रिक) के लिए चुनाव मैदान में है। असम में हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही है। वहीं पुडुचेरी में एन. रंगासामी पांचवीं बार सत्ता हासिल करने के प्रयास में हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खासतौर पर युवाओं और महिला मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।
असम में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां 1.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। राज्य के 35 जिलों में 31,940 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 41 राजनीतिक दलों के 722 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

केरल में 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों के बीच अपने प्रतिनिधि का चयन कर रहे हैं, जबकि पुडुचेरी में 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
असम में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। खासकर युवा मतदाताओं में भारी उत्साह है। कई युवाओं ने कहा कि वे ऐसे उम्मीदवार को चुनना चाहते हैं जो उनके लिए बेहतर सुविधाएं और विकास सुनिश्चित करे।
चुनाव आयोग के अनुसार, तीनों राज्यों के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
i