दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। तीनों राज्यों की कुल 296 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। असम की 126 सीटों, केरल की 140 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम में दोपहर 3 बजे तक 75.91% मतदान दर्ज किया गया है। वहीं केरल में शाम 4 बजे तक 62.71% और पुडुचेरी में 3 बजे तक 72.40% मतदान हुआ है। असम में खराब मौसम और रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। गुवाहाटी समेत कई इलाकों में हल्की बारिश के बीच भी लोगों ने लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में अपने परिवार के साथ मतदान किया। चुनाव से पहले उन्होंने कामाख्या मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना भी की। राज्य में जोरहाट, कामरूप, कोकराझार और लखीमपुर जैसे जिलों में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही भीड़ देखने को मिली।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, असम में 126 सीटों पर 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनके लिए 31,940 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाने के लिए 1.5 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
वहीं केरल में 140 सीटों पर 883 उम्मीदवार मैदान में हैं और 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां एलडीएफ तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में है, जबकि यूडीएफ और एनडीए भी अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हैं।
पुडुचेरी में भी 9.50 लाख मतदाता 294 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में दर्ज कर रहे हैं। तीनों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और अब सबकी नजरें 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।