दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार यह यात्री बैंकॉक से फ्लाइट नंबर एसएल-214 के जरिए अमृतसर पहुंचा था और उसने बड़ी चालाकी से गांजे को मिठाई के डिब्बों में छिपाकर लाने की कोशिश की।
कस्टम विभाग ने एपीआईएस (एडवांस्ड पैसेंजर इनफॉरमेशन सिस्टम) प्रोफाइलिंग के आधार पर यात्री को संदिग्ध मानते हुए उसकी जांच की। बैगेज स्कैनिंग और तलाशी के दौरान उसके सामान में रखे चार मिठाई के डिब्बों से कुल 964 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि बरामद किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 96 लाख रुपये आंकी गई है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
कस्टम अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है।