दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर ( सतपाल शर्मा)
पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान 14 अप्रैल को आदमपुर में आयोजित रैली के दौरान इस योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे, जबकि इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी।
पहले चरण में इस योजना को राज्य के सात जिलों—मुक्तसर, रोपड़, पटियाला, संगरूर, मोगा, जालंधर और फरीदकोट में लागू किया जाएगा। इसके तहत मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, सुनाम, बटाला, मोगा, पटियाला ग्रामीण, आदमपुर, दिड़बा और कोटकपूरा सहित कुल 9 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया गया है। पहले योजना 13 अप्रैल से शुरू होनी थी, लेकिन विधानसभा के विशेष सत्र के चलते इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई।
हर महीने मिलेगी आर्थिक मदद
योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1000 प्रति माह, जबकि अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह दिए जाएंगे। इस योजना की घोषणा 8 मार्च को राज्य बजट के दौरान की गई थी।
मुफ्त रजिस्ट्रेशन और DBT से भुगतान
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आंगनबाड़ी केंद्रों और सेवा केंद्रों पर पूरी तरह मुफ्त होगी। इसके लिए आवेदक के पास पंजाब का आधार कार्ड और वोटर आईडी होना अनिवार्य है। योजना की राशि सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाएगी।
निगरानी के लिए हाई-लेवल कमेटी
योजना के प्रभावी संचालन के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। साथ ही, लोगों को जागरूक करने और रजिस्ट्रेशन में मदद के लिए ‘मोबिलाइजर’ और ‘फैसिलिटेटर’ भी नियुक्त किए जाएंगे।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी लाभार्थी की मृत्यु हो जाती है, तो पहले दी गई सहायता राशि वापस नहीं ली जाएगी, लेकिन आगे की किस्तें बंद कर दी जाएंगी।