दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जब वह नैण गांव के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया और तेजधार हथियार से उसका गला काट दिया। हमले के बाद छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। प्रारंभिक जांच में दो बाइक सवार युवकों पर शक जताया जा रहा है, हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।
जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
इस बीच मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।