दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। लखतर-विरामगाम हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे श्रद्धालुओं के समूह को कुचल दिया। इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। लखतर पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी माता मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पैदल यात्रा पर निकला था। सभी लोग सड़क किनारे चल रहे थे, तभी पीछे से तेज गति में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कई लोगों को कुचल दिया।
मृतकों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल
पुलिस इंस्पेक्टर योगेश पटेल ने बताया कि हादसे में 6 श्रद्धालुओं और सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की मौत हुई है। मृतकों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की हालत गंभीर
घटना में घायल 4 लोगों को तुरंत सुरेंद्रनगर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई दर्दनाक घटना
एक श्रद्धालु ने बताया कि वे राजकोट के दत्ता गांव से दर्शन करने के बाद विरामगाम की ओर जा रहे थे। सभी लोग सड़क किनारे चल रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक उन्हें टक्कर मार दी।
ट्रक चालक गिरफ्तार
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, वहीं लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए हैं।