दोआबा न्यूज़ लाइन। जालंधर
इटली के बर्गामो प्रांत के कोवो शहर में बैसाखी के मौके पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गुरुद्वारे में चल रहे कार्यक्रम के बाद जैसे ही लोग बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान दो भारतीय मूल के सिखों पर अचानक फायरिंग कर दी गई।
मौके पर ही दोनों की मौत
हमले में रागिंदर सिंह और गुरमीत सिंह नाम के दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमलावर ने बेहद नजदीक से गोलियां चलाईं, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हमलावर फरार, पुलिस जांच तेज
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार में सवार होकर फरार हो गया। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में इसे सोची-समझी साजिश माना जा रहा है।
चश्मदीद का बड़ा दावा
मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, हमलावर भारतीय मूल का ही हो सकता है और उसे गुरुद्वारे में पहले भी देखा गया था। फायरिंग के दौरान एक अन्य व्यक्ति बाल-बाल बच गया, जिसे गोली छूकर निकल गई।
सिख समुदाय में रोष और शोक
इस घटना के बाद इटली में रह रहे भारतीय और सिख समुदाय में गहरा आक्रोश और शोक है। दोनों मृतक स्थानीय स्तर पर काफी जाने-पहचाने थे और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
सीसीटीवी और फॉरेंसिक के सहारे जांच
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर हमलावर की पहचान करने में जुटी है। वहीं, भारतीय दूतावास भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन से संपर्क में है।