दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
जालंधर से एक अहम प्रशासनिक खबर सामने आई है, जहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। जारी आदेशों के मुताबिक विभाग के 13 अधिकारियों को एक साथ ट्रांसफर कर दिया गया है, जिससे स्थानीय दफ्तर की कार्यप्रणाली पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आमतौर पर सालाना तबादला प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्टेशन से 2 से 3 अधिकारियों का ही स्थानांतरण किया जाता है, लेकिन इस बार अलग-अलग पदों पर तैनात कुल 13 अधिकारियों को एक साथ बदल दिया गया, जो असामान्य माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ अधिकारियों ने अभी हाल ही में, करीब एक वर्ष पहले ही अपनी सेवाएं शुरू की थीं। इतने कम समय में उनका तबादला होना विभाग के अंदर और बाहर दोनों जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।
अधिकारियों की इस अचानक कमी के कारण फिलहाल ईडी कार्यालय में स्टाफ की अस्थायी कमी महसूस की जा रही है, जिससे कामकाज प्रभावित हो सकता है। वहीं, विभागीय स्तर पर इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में एक साथ हुए तबादलों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।