घास मंडी के पास हुआ हादसा, युवक 5 फीट उछले; घटना CCTV में कैद
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
शहर के घास मंडी इलाके में सोमवार रात करीब 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार सफारी गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार युवक करीब पांच फीट तक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय सड़क पर कुछ महिलाएं और एक छोटी बच्ची पैदल जा रही थीं। टक्कर के दौरान वे बाल-बाल बच गईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद एक युवक पूरी तरह बेसुध हो गया था, जबकि दूसरे युवक की दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। देर रात मिली जानकारी के अनुसार घायलों में से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद लोगों ने सफारी गाड़ी के चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। दुर्घटना स्थल को लेकर पुलिस भी कुछ समय के लिए हदबंदी में उलझी रही, क्योंकि घटना स्थल का कुछ हिस्सा थाना भार्गव कैंप और कुछ हिस्सा थाना पांच के क्षेत्र में आता है। हालांकि मौके पर पहुंचे थाना भार्गव कैंप के ड्यूटी अफसर ने स्थिति को संभाला और पूरे मामले की जानकारी दर्ज की। इसके बाद सफारी चालक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल दोनों युवक जल्लोवाल आबादी के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल काफी भावुक हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है वहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इलाके के लोगों ने कई बार प्रशासन से इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते यहां स्पीड ब्रेकर बना दिए जाते तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।