दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त कई मजदूर साइट के आसपास मौजूद थे, जिनमें से 6 की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय तेज आंधी और बारिश का दौर चल रहा था। इसी बीच पुल का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों और राहत दल की मदद से मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी पूरा क्षेत्र खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने मजदूर हादसे की चपेट में आए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुल निर्माण में सुरक्षा मानकों को लेकर पहले भी सवाल उठाए जाते रहे थे। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं।