दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
भारतीय रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन यात्रा के दौरान सामान ले जाने के नियमों का पालन करने की सलाह दी है। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक श्रेणी के कोच में सामान ले जाने की एक निर्धारित सीमा तय है और उससे अधिक सामान मिलने पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
कोच के अनुसार तय है सामान की सीमा
रेलवे नियमों के अनुसार फर्स्ट एसी में यात्री अधिकतम 70 किलोग्राम, सेकेंड एसी में 50 किलोग्राम, थर्ड एसी और स्लीपर क्लास में 40-40 किलोग्राम तथा सेकेंड क्लास में 35 किलोग्राम तक सामान अपने साथ ले जा सकते हैं।
अतिरिक्त सामान हो तो कराएं बुक
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी यात्री के पास निर्धारित सीमा से अधिक सामान है तो उसे लगेज वैन में बुक कराया जा सकता है। ऐसा करने से यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या जुर्माने से बचा जा सकता है।
यात्रियों से नियमों का पालन करने की अपील
उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान लेकर यात्रा करें। इससे न केवल उनकी यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी, बल्कि अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कहा कि रेलवे द्वारा तय नियमों का पालन करना सभी यात्रियों के हित में है, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक बन सके।